जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष व महामंत्री को दिलाई गई शपथ
25 व 26 अक्टूबर और एक नवंबर को विभिन्न ब्लॉकों से जीतकर आए पदाधिकारी को दिलाई गई शपथ

रायबरेली। उत्तर प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की तरफ से गुरुवार को नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्ष व मंत्री की बैठक स्काउट भवन में आयोजित की गई। नवनिर्वाचित ब्लॉक के पदाधिकारियों की हुई बैठक में शिक्षकों की समस्या के साथ ही जिला कार्यकारिणी की तरफ से आवाह्न किया गया कि सक्रियता से कार्य करते हुए समस्याओं को हल कराएंगे।
बैठक में विभिन्न ब्लॉकों से निर्वाचित होकर आए पदाधिकारियों को पद एवं संगठन की जिम्मेदारियों के निर्वहन की शपथ दिलाई गई। इस दौरान संगठन की मजबूती और शिक्षकों की समस्याओं के प्रभावी समाधान को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संरक्षक समर बहादुर सिंह ने की।
गौरतलब है कि 25 और 26 अक्टूबर तथा एक नवंबर को विभिन्न ब्लॉकों में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई थी, जिसमें शिक्षकों ने अपने प्रतिनिधियों का चुनाव किया था। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का जिला कार्यकारिणी की ओर से माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष राघवेंद्र यादव व जिला महामंत्री सियाराम सोनकर ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसकी सक्रियता और एकजुटता में है। सभी ब्लॉक अध्यक्ष एवं महामंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में शिक्षकों से निरंतर संपर्क बनाए रखें और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर जिला कार्यकारिणी तक पहुंचाएं। जिला कोषाध्यक्ष शिवशरण सिंह ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, अधिकारों और समस्याओं के समाधान के लिए संगठन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।
नवनिर्वाचित ब्लॉक अध्यक्षों एवं महामंत्रियों ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और शिक्षकों की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का भरोसा दिलाया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने और ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों की आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे केवल पद की जिम्मेदारी तक सीमित न रहें, बल्कि शिक्षकों के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं के समाधान में सेतु की भूमिका निभाएं। जिला कार्यकारिणी ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए संगठनात्मक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।
इस मौके पर शांति अकेला, नागेंद्र सिंह, पन्नालाल, रमेश सोनकर, सुरेंद्र वर्मा, सुनील यादव, रूपेश शुक्ला, ब्लॉक अध्यक्ष व मंत्री गौरव यादव, अपराजिता अवस्थी, मुकेश, निधि शुक्ला, अजीत कुमार, प्रीति जायसवाल, सूर्य प्रकाश गौतम, जगलाल यादव, राजेश यादव, दीपक कुमार, नीतू सिंह, शिव बालक, देशराज यादव, संदीप शुक्ला, सुरेश, नीरज, उमाशंकर योगेंद्र सिंह, गिरजेश सिंह, प्रमोद यादव, पन्नालाल, सुरेश यादव, सुशील त्रिपाठी, हरिकेश यादव, मंजूलता, राजेन्द्र, आशीष तिवारी, मंजूलता शुक्ला, साधना शर्मा, मो0 आजम, चंद्र प्रकाश, रामलखन, रणवीर सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।



