ओवैसी-चंद्रशेखर की जुगलबंदी के बीच अखिलेश का बड़ा दांव: राकेश टिकैत से मिले सपा प्रमुख, PDA में जोड़ा ‘अन्नदाता’

UP Election 2027 political updates: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी जंग अभी से दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुकी है। सूबे में नए सामाजिक समीकरणों की बिसात बिछने के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक ऐसा रणनीतिक दांव चला है जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद द्वारा 150 सीटों पर ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ बनाने के ऐलान के फौरन बाद अखिलेश यादव ने भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से अहम मुलाकात की है। इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा करते हुए सपा प्रमुख ने अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले की नई परिभाषा गढ़ दी और साफ शब्दों में लिखा—”जो पीड़ित, वो पीडीए!” इसके साथ ही उन्होंने पीडीए के ‘A’ में ‘अन्नदाता’ यानी किसानों को शामिल करने का सीधा संदेश देकर ग्रामीण राजनीति को अपने पाले में खींचने की पुख्ता कोशिश की है।
चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया
राजनीतिक पंडित इस मुलाकात को महज शिष्टाचार भेंट के तौर पर नहीं देख रहे हैं। 12 नवंबर को ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने 2027 के दंगल के लिए औपचारिक गठबंधन का ऐलान किया, जिसमें चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। यह नया मोर्चा सीधे तौर पर दलित और मुस्लिम वोट बैंक को साधने की रणनीति पर काम कर रहा है, जो सपा के कोर जनाधार का बड़ा हिस्सा माना जाता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की करीब 40 सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं का मजबूत प्रभाव है, जबकि पूरे प्रदेश में दलित आबादी लगभग 21 फीसदी है।
ऐसे में दलित-मुस्लिम गठजोड़ के जरिए सपा के परंपरागत वोट बैंक में सेंधमारी की चुनौती खड़ी होते ही अखिलेश यादव ने किसान आंदोलन का प्रमुख चेहरा रहे राकेश टिकैत से संपर्क साधा ताकि पीडीए के सामाजिक दायरे को सीधे गांवों, खेत-खलिहानों और पश्चिमी यूपी के जाट व किसान समुदाय तक विस्तार दिया जा सके।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में भारतीय किसान यूनियन और टिकैत परिवार की ग्रामीण पकड़ किसी से छिपी नहीं है। मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, बिजनौर और सहारनपुर जैसे गन्ना बाहुल्य जिलों में एमएसपी गारंटी, समय पर गन्ना भुगतान, बिजली दरें, सिंचाई और आवारा मवेशियों की समस्याएं चुनाव के सबसे बड़े मुद्दे बनते रहे हैं।
‘नोटबंदी दुनिया का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार’: खजांची के 10वें जन्मदिन पर अखिलेश यादव का केंद्र पर तीखा हमला
हालांकि इस मुलाकात के बाद राकेश टिकैत या बीकेयू की तरफ से समाजवादी पार्टी को किसी तरह के औपचारिक चुनावी समर्थन का कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है, मगर अखिलेश यादव के साथ उनकी इस नजदीकी ने यह साफ कर दिया है कि सपा आने वाले दिनों में किसानों के जमीनी मुद्दों को केंद्र में रखकर सरकार की घेराबंदी तेज करेगी। ओवैसी-चंद्रशेखर की नई जुगलबंदी और अखिलेश-टिकैत के इस नए तालमेल ने 2027 के चुनावी रण से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश का सियासी पारा पूरी तरह चढ़ा दिया है।



