दूधेश्वरनाथ मंदिर में धूमधाम से मना गोवर्धन पर्व, महाराजश्री ने दिया सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भगवान श्रीकृष्ण को लगाया अन्नकूट का भोग

गाजियाबाद। ऐतिहासिक सिद्धपीठ श्री दूधेश्वरनाथ मठ महादेव मंदिर में गोवर्धन पर्व पीठाधीश्वर श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज के पावन सानिध्य में श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण एवं गिरिराज महाराज की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अन्नकूट का भोग लगाया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
सनातन परंपरा के अनुसार गोबर से गोवर्धन महाराज की प्रतिमा तैयार कर उसे फूलों और मालाओं से सजाया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधिवत पूजन के बाद विभिन्न प्रकार के अन्न, दाल, सब्जियों, पूड़ी, हलवा, खीर और मिष्ठान का भोग लगाया गया। मंगल आरती के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की लीला प्रकृति, पर्वत और जल संरक्षण का संदेश देती है। गोवर्धन पर्व हमें गौमाता, कृषि और अन्न के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि अन्न भगवान की अमूल्य देन है। इसकी बर्बादी रोकना और जरूरतमंदों को भोजन कराना प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से गौसेवा, अन्नदान, पर्यावरण संरक्षण और जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प लेने की अपील की।
श्री दूधेश्वर वेद विद्यापीठ के आचार्य नित्यानंद, आचार्य रोहित त्रिपाठी सहित अन्य आचार्यों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजन संपन्न कराया। इस दौरान विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की गई।



