सुरक्षा व्यवस्था परखने बाजार में निकलीं एसपी सिटी
सुनारों को दिए सख्त निर्देश,पड़ाव मंडी में सीसीटीवी कैमरों की जांच

जसवंतनगर,इटावा। दीपावली के त्योहार पर बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए शुक्रवार को एसपी सिटी बबीता सिंह ने कस्बे के प्रमुख बाजारों में पैदल गश्त की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ व्यापारियों को सतर्कता बरतने और आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी।
एसपी सिटी ने पड़ाव मंडी पहुंचकर सराफा बाजार की दुकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची और सराफा कारोबारियों को निर्देश दिए कि कैमरे हर हाल में चालू हालत में रहने चाहिए। किसी भी स्थिति में इन्हें बंद न किया जाए। साथ ही रात के समय दुकानों की सुरक्षा के लिए चौकीदारों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बाजार में ई-रिक्शा के कारण लगने वाले जाम पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए कि ई-रिक्शा बाजार के अंदर प्रवेश न करें, जिससे खरीदारी करने आने वाले लोगों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी न हो।
गश्त के दौरान एसपी सिटी का मानवीय चेहरा भी देखने को मिला। सड़क किनारे मिट्टी के दीपक बेच रहे दो बुजुर्गों के पास पहुंचकर उन्होंने उनका हालचाल पूछा और दीपकों की कीमत जानी। बुजुर्गों ने एक दीपक की कीमत दो रुपये बताई। इस पर एसपी सिटी ने उनके पास मौजूद सभी दीपक खरीद लिए और आत्मीयता से कहा, “बाबा, अब घर जाकर अपनी दीपावली मनाओ।” उनकी इस पहल से बुजुर्गों के चेहरे खिल उठे।
इस दौरान थाना प्रभारी कमल भाटी,उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी,शुभम वर्मा,अनूप पांडेय,हेमंत कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



