भारी सुरक्षा के बीच आजम खान को डासना जेल लाया गया, समर्थकों ने की नारेबाजी
ईडी की टीम गाजियाबाद न्यायालय से लेकर पहुंची जेल, पूर्व विधायक असलम चौधरी ने सरकार पर लगाए आरोप

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री आजम खान को रविवार दोपहर भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गाजियाबाद न्यायालय से डासना स्थित जिला जेल लाया गया। ईडी की टीम उन्हें एमपी-एमएलए कोर्ट से लेकर जेल पहुंची। जेल परिसर के बाहर पहले से ही पुलिस बल तैनात था। आजम खान के पहुंचने की सूचना मिलते ही उनके परिजन, वकील, समर्थक और गाजियाबाद से उनकी मुंहबोली बेटी भी जेल के मुख्य गेट पर पहुंच गईं।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 2:32 बजे आजम खान को कार से जेल के मुख्य प्रवेश द्वार पर लाया गया। इसके बाद जेल प्रशासन ने आवश्यक कागजी कार्रवाई और अन्य औपचारिकताएं पूरी कर उन्हें जेल के अंदर दाखिल कराया। इस दौरान जेल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। समर्थकों की भीड़ ने उनके समर्थन में नारेबाजी की, जिसके चलते कुछ समय तक जेल के बाहर हलचल बनी रही। हालांकि पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति पर नजर बनाए रखी।
असलम चौधरी ने सरकार पर लगाए आरोप
इस दौरान धौलाना विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक असलम चौधरी भी आजम खान के समर्थन में पहुंचे। उन्होंने कहा कि आजम खान उनके नेता हैं और उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण को लेकर आजम खान को निशाना बनाया जा रहा है। असलम चौधरी ने बताया कि रामपुर जेल से बाहर आने के बाद ईडी ने उन्हें गिरफ्तार कर दिल्ली ले गई थी। उन्होंने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले समय में राजनीतिक परिस्थितियां बदलेंगी और सब कुछ ठीक होगा।



