नुक्कड़ नाटक से समझे बीमारी के लक्षण
ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता का दिया संदेश

जसवंतनगर,इटावा। ब्रेस्ट कैंसर अभियान के तहत चौ.सुघर सिंह नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर जिला अस्पताल,इटावा में नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर महिलाओं और आमजन को बीमारी के प्रति जागरूक किया। विद्यार्थियों ने नाटक के माध्यम से ब्रेस्ट कैंसर के लक्षण,प्रारंभिक पहचान, बचाव और समय पर उपचार का महत्व बताया।
कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग आठवें सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली प्रस्तुति देकर नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने और बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। विद्यार्थियों ने बताया कि समय रहते बीमारी की पहचान और उपचार से महिलाओं के स्वास्थ्य की बेहतर देखभाल संभव है।
जिला महिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अनिल कुमार ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम एसोसिएट प्रोफेसर कृष्ण लाल कुमावत और असिस्टेंट प्रोफेसर अरविंद कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित हुआ।
संस्थान के प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को शैक्षणिक ज्ञान देने के साथ सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा भाव विकसित करना भी है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव देते हैं और समाज के प्रति उनके दायित्वों का बोध कराते हैं।
संस्थान की डायरेक्टर डॉ. रीमा मंडल ने कहा कि ब्रेस्ट कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर उपचार महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। नर्सिंग विद्यार्थियों के ऐसे प्रयास जनसामान्य तक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी पहुंचाने और समाज को जागरूक बनाने में प्रभावी भूमिका निभाते हैं।



