प्राथमिक विद्यालय दौतरा में स्थापित हुआ ई-कचरा संग्रहण केंद्र

विशेष अभियान 6.0 के तहत पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, ग्रामीण भी जमा कर सकेंगे घरों का ई-कचरा

रायबरेली। भारत सरकार के विशेष अभियान 6.0 के अंतर्गत महराजगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय दौतरा में ई-कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित किया गया है। विद्यालय में स्थापित इस ई-कचरे का मुख्य उद्देश्य सुरक्षित संग्रहण, वर्गीकरण एवं अधिकृत संस्था के माध्यम से उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

अभियान के तहत विद्यालय में ई-कचरा प्रबंधन पर जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों को इलेक्ट्रॉनिक कचरे से पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान की जानकारी दी गई। साथ ही, कचरे के उचित वर्गीकरण के लिए चार रंगों के डस्टबिन पर आधारित गतिविधि भी कराई गई।

विद्यालय परिसर में ई-कचरा संग्रहण केंद्र स्थापित कर तीन अलग-अलग डस्टबिन की व्यवस्था की गई है। इनमें पहले डस्टबिन में मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट, कैमरा, कीबोर्ड आदि; दूसरे में चार्जर, केबल, तार, ईयरफोन, राउटर, हार्ड डिस्क आदि; तथा तीसरे में मोबाइल बैटरी, ड्राई सेल, पावर बैंक, खराब बल्ब, ट्यूबलाइट और इन्वर्टर बैटरी जैसे उपकरण अलग-अलग रखे जाएंगे।

विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक आशीष प्रताप सिंह ने बताया कि इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों को ई-कचरे के सुरक्षित निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय के विद्यार्थी भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। विद्यार्थियों ने जनसमुदाय से अपील की कि घरों में अनुपयोगी पड़े इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को इधर-उधर फेंकने के बजाय विद्यालय के ई-कचरा संग्रहण केंद्र में जमा करें, ताकि उनका उचित निस्तारण कराया जा सके।

उन्होंने बताया कि विद्यालय में ई-कचरा संग्रहण रजिस्टर बनाया गया है, जिसमें कचरा जमा करने वाले का नाम, सामग्री का विवरण, मात्रा और तिथि दर्ज की जा रही है। एकत्रित ई-कचरे को नियमानुसार अधिकृत पुनर्चक्रणकर्ता अथवा संबंधित संस्था को सौंपकर सुरक्षित निस्तारण कराया जाएगा।

विद्यालय की इस पहल से ग्रामीणों में ई-कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है। विद्यालय प्रबंधन का उद्देश्य समुदाय को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए ई-कचरे का सुरक्षित संग्रहण और अधिकृत संस्था के माध्यम से उचित निस्तारण सुनिश्चित करना है।

Related Articles

Back to top button