उपराज्यपाल ने अजीत सिंह को किया सम्मानित
‘विकसित भारत युवा संवाद’ में भारत के अंर्तराष्ट्रीय पैरा-एथलीट, पैरालंपिक पदक विजेता हैं अजीत सिंह यादव

भरथना,इटावा। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (एसआरसीसी) दिल्ली में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद’ कार्यक्रम में भारत के अंर्तराष्ट्रीय पैरा-एथलीट एवं पैरालंपिक पदक विजेता अजीत सिंह यादव को दिल्ली के महामहिम उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू द्वारा स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनकी उत्कृष्ट खेल उपलब्धियों, देश के प्रति योगदान और संघर्षपूर्ण जीवन यात्रा की सराहना की गई।
गौरतलब है कि हाल ही में जापान में आयोजित पैरा एशियन गेम्स 2026 में अजीत सिंह यादव इटावा जनपद की भरथना तहसील क्षेत्र के ग्राम नगला विधी साम्हों,ने पुरुषों की भाला फेंक एफ46 स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया। इससे पहले उन्होंने पेरिस पैरालंपिक 2024 में भी इसी स्पर्धा में रजत पदक हासिल कर अंर्तराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया था। उनकी उपलब्धियाँ कड़ी मेहनत,दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण का प्रतीक हैं।
कार्यक्रम के दौरान दिल्ली महामहिम उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने युवाओं के साथ संवाद करते हुए उनके अधिकारों,जिम्मेदारियों, सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। इस संवाद का उद्देश्य युवाओं को जागरूक करना, उनकी सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए प्रेरित करना था।
उपराज्यपाल श्री संधू ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए अंर्तराष्ट्रीय खेल मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले अजीत सिंह यादव आज देश के लाखों युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प,निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी चुनौती को अवसर में बदला जा सकता है।



