सैफई में 50 एएनएम सीटों के द्वितीय राउंड की काउंसलिंग सम्पन्न
28 अक्टूबर को होगा मोप-अप राउंड

सैफई,इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय,सैफई में कुलपति प्रो.डॉ.अजय सिंह के दिशा-निर्देशों एवं मार्गदर्शन में एएनएम पाठ्यक्रम की 50 सीटों पर प्रवेश के लिए आयोजित काउंसलिंग प्रक्रिया का द्वितीय राउंड 24 अक्टूबर 2026 को भी सफलता पूर्वक सम्पन्न हुआ। विश्वविद्यालय में पहली बार मेरिटबेस पर आयोजित की जा रही इस प्रवेश प्रक्रिया के प्रथम राउंड की काउंसलिंग 21 अक्टूबर 2026 को सम्पन्न हुई थी।
दोनों चरणों में अभ्यर्थियों को निर्धारित मेरिट के आधार पर तथा लागू आरक्षण नियमों के अनुरूप सीटों का आवंटन किया गया। द्वितीय राउंड की काउंसलिंग के बाद केवल 2 सीटें रिक्त रह गई हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) की 1 तथा अनुसूचित जनजाति (एसटी) की 1 सीट शामिल है। इन रिक्त सीटों पर नियमानुसार आवंटन के लिए 28 अक्टूबर 2026 को मोप-अप राउंड काउंसलिंग आयोजित की जाएगी। कुलपति महोदय के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय द्वारा संपूर्ण काउंसलिंग प्रक्रिया को पारदर्शी,निष्पक्ष एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप सम्पन्न कराया जा रहा है। 50 सीटों के सापेक्ष द्वितीय राउंड के बाद मात्र दो सीटों का रिक्त रहना प्रवेश प्रक्रिया की प्रगति को दर्शाता है।



