एडीआरएम ने यात्री सुविधा-निर्माण कार्यों का लिया जायजा

भरथना रेलवे स्टेशन का एडीआरएम किया निरीक्षण

भरथना,इटावा। प्रयगराज मंडल के एडीआरएम धनंजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को भरथना रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर यात्री सुविधा, साफ-सफाई और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने टिकट बुकिंग कार्यालय, रेलवे आवास, फुटओवरब्रिज और पार्क सहित स्टेशन परिसर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों और उनके लिए उपलब्ध बजट के इस्तेमाल से जुड़ी व्यवस्थाओं को भी देखा गया।

वहीं निरीक्षण के दौरान रेलवे ग्रुप भरथना के सदस्यों ने एडीआरएम को ज्ञापन सौंपकर स्टेशन पर बंद प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बहाल कराने समेत कई मांगें उठाईं।

एडीआरएम ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया। बुकिंग कार्यालय से लेकर फुटओवरब्रिज,रेलवे आवास और पार्क तक की व्यवस्थाओं को देखा गया। निरीक्षण के दौरान स्टेशन पर चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों के साथ निर्माण कार्यों के लिए उपलब्ध धनराशि के इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दिया। निरीक्षण से स्थानीय यात्रियों को स्टेशन की व्यवस्थाओं में सुधार और सुविधाओं के विस्तार की उम्मीद जगी है।

निरीक्षण के दौरान रेलवे ग्रुप भरथना ने एडीआरएम को ज्ञापन सौंपकर कोरोना काल के बाद बंद हुए प्रमुख ट्रेनों के ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग की। ज्ञापन में मूरी एक्सप्रेस, देहरादून लिंक एक्सप्रेस और महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही मेरठ सिटी-सूबेदारगंज संगम एक्सप्रेस के ठहराव का मुद्दा भी रखा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव बंद होने से भरथना और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी आबादी रेलवे सेवाओं पर निर्भर है,ऐसे में यात्रियों की जरूरतों को देखते हुए ट्रेनों का ठहराव बहाल किया जाना जरूरी है। रेलवे ग्रुप ने अधिकारियों से इस समस्या पर गंभीरता से विचार कर यात्रियों को राहत दिलाने की मांग की।

भरथना रेलवे क्रॉसिंग संख्या 20-बी पर छोटे वाहनों के आवागमन के लिए उपरी पुल बनवाने की मांग भी की गई। कहा गया कि रेलवे फाटक बंद होने के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। इसके अलावा जीआरपी चौकी के समीप रेलवे की खाली भूमि पर पार्क विकसित कराने का प्रस्ताव भी रखा गया,जिससे स्टेशन परिसर की व्यवस्था बेहतर हो सके।

फुटओवरब्रिज के जरिए प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में दिव्यांग और बुजुर्ग यात्रियों को होने वाली परेशानी की ओर भी अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। ज्ञापन में रेलिंग के पास उचित व्यवस्था करने की मांग की गई,जिससे जरूरतमंद यात्रियों को प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में सहूलियत मिल सके।

रेलवे स्टेशन के निरीक्षण और ज्ञापन के बाद अब स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन आवश्यक कदम उठाएगा। ट्रेनों के ठहराव की बहाली और बुनियादी सुविधाओं में सुधार से भरथना क्षेत्र के रेल यात्रियों को राहत मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button