विधान परिषद चुनाव में 44.35 प्रतिशत मतदान
दोपहर बाद बूथों पर लगीं लंबी कतारें

जसवंतनगर,इटावा। विधान परिषद की स्नातक एवं शिक्षक सीट के लिए हुए चुनाव में क्षेत्र के चार बूथों पर कुल 44.35 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर बाद मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रहे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यहां स्नातक और शिक्षक सीट के लिए कुल 3492 मतदाता पंजीकृत थे,जिनमें से 1549 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। यहां ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान के लिए चार बूथ बनाए गए थे। इनमें तीन बूथ स्नातक मतदाताओं के लिए और एक बूथ शिक्षक मतदाताओं के लिए निर्धारित था।
स्नातक मतदाताओं के लिए बनाए गए तीन बूथों पर कुल 3145 मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 1332 मतदाताओं ने वोट डाले। इस प्रकार स्नातक सीट पर कुल 42.35 प्रतिशत मतदान हुआ। बूथ संख्या 179 पर 899 मतदाताओं में से 499 ने मतदान किया। बूथ संख्या 179 ए पर 918 मतदाताओं में से 208 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, बूथ संख्या 180 पर 1328 मतदाताओं में से 625 मतदाताओं ने वोट डाले।
शिक्षक मतदाताओं के लिए बूथ संख्या 105 बनाया गया था। यहां कुल 347 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 217 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार शिक्षक सीट पर 62.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। स्नातक सीट की तुलना में शिक्षक सीट पर मतदान का प्रतिशत अधिक रहा।
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और चुनाव संबंधी इंतजामों का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ला और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव पहुंचे। इस दौरान उप जिलाधिकारी अभिषेक कुमार सिंह,नायब तहसीलदार नेहा सचान, पुलिस क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह और थाना प्रभारी निरीक्षक कमल भाटी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



