विधान परिषद चुनाव: गाजियाबाद में 75 बूथों पर होगा मतदान, 18 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

स्नातक वर्ग के 60 और शिक्षक वर्ग के 15 मतदान केंद्र बनाए गए, 41 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग; सुरक्षा के लिए 400 पुलिसकर्मी तैनात

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव को लेकर गाजियाबाद जिले में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा। जिले में कुल 75 मतदान बूथ बनाए गए हैं, जहां शिक्षक और स्नातक वर्ग के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में शिक्षक वर्ग के 10 और स्नातक वर्ग के 8 प्रत्याशियों सहित कुल 18 उम्मीदवार मैदान में हैं।

जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 60 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 15 मतदान बूथ निर्धारित किए गए हैं। स्नातक वर्ग में करीब 31 हजार मतदाता पंजीकृत हैं, जबकि शिक्षक वर्ग में 9,900 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। इस प्रकार दोनों वर्गों को मिलाकर 41 हजार से अधिक मतदाता चुनाव प्रक्रिया में भाग ले सकेंगे।

13 सेक्टरों में बांटा गया जिला

मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले को 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। इसके अलावा कंट्रोल रूम के माध्यम से मतदान प्रक्रिया की लगातार निगरानी की जाएगी। प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों की ड्यूटी भी लगा दी है।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मादड़ ने बताया कि शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब 400 पुलिसकर्मियों के साथ पीएसी की तैनाती की गई है। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि मतदान के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने कहा कि मतदान सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा। निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मतदान समाप्त होने के बाद पोलिंग पार्टियां पुलिस एस्कॉर्ट के साथ मतपेटियां लेकर मेरठ स्थित रिटर्निंग ऑफिसर के कार्यालय पहुंचेंगी, जहां उन्हें सुरक्षित जमा कराया जाएगा।

प्रशासन का लक्ष्य जिले में चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

Related Articles

Back to top button