ज्ञानेश के खिलाफ CJP के विरोध प्रदर्शन पर आया कंगना का रिएक्शन, लगा दिया बड़ा आरोप

Kangana Ranaut on CJP Protest: भारतीय जनता पार्टी की सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन पर जोरदार हमला बोला है। 10 अक्टूबर को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कंगना ने इस पूरे विरोध-प्रदर्शन को भारत को अस्थिर करने वाली राष्ट्रविरोधी और अंतरराष्ट्रीय ताकतों का षड्यंत्र करार दिया।
उन्होंने दो टूक कहा कि देश की जनता अब बेहद समझदार हो चुकी है और आंदोलन के नाम पर अराजकता फैलाने वालों की मंशा पर सवाल उठाने लगी है। यह विवाद चुनावी प्रक्रिया में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर शुरू हुआ था, जिसे लेकर सीजेपी ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर भारी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।
राजधानी दिल्ली में सीजेपी नेताओं की धरपकड़ और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आए इस बयान में कंगना ने कहा कि देशद्रोही और आतंकी मानसिकता वाले तत्व आए दिन किसी न किसी बहाने देश की गति को थामने और नागरिकों को परेशान करने की साजिश रचते हैं। अयोध्या रवाना होने से पूर्व उन्होंने कहा कि जब तक भगवान श्रीराम और हनुमान जी का आशीर्वाद देश के साथ है, तब तक भारत को तोड़ने की कोई भी विदेशी या घरेलू ताकत सफल नहीं हो सकती। कंगना ने आगे कहा कि पुलिस की जरूरत बाद में पड़ेगी, अब आम लोग ही तंग आकर इन उपद्रवियों को पकड़कर सबक सिखाने वाले हैं क्योंकि देश का नागरिक बार-बार के बंद और चक्का जाम से पूरी तरह त्रस्त हो चुका है।
कार्डियक अरेस्ट या कुछ और, मेडिको-लीगल केस क्यों दर्ज किया गया; वजह जानें
जब बातचीत का रुख लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्ष द्वारा राष्ट्रपति से मिलने के मामले की ओर मुड़ा, तो कंगना ने अपने चिरपरिचित अंदाज में स्कूल के दिनों का उदाहरण देते हुए कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को राष्ट्रपति से मिलने का पूरा लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन उनका बर्ताव ठीक वैसा ही है जैसा हमारे स्कूल के दिनों में हुआ करता था—जब परीक्षा में फेल होने वाले कमजोर बच्चे यह आरोप लगाने लगते थे कि पास होने वाले होशियार बच्चों को अलग और आसान प्रश्न पत्र दिया गया था।



