भगवानदीन यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई : अखिलेश माही
भगवानदीन यादव हत्याकांड पर अखिलेश माही का बीजेपी सरकार पर तीखा हमला अपराधियों पर कब होगी कार्रवाई ?

रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के घुरौना गांव में भगवानदीन यादव की निर्मम हत्या को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव यूथ ब्रिगेड अखिलेश माही एडवोकेट ने बीजेपी सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात करने के बाद अखिलेश माही ने कहा कि परिवार के आंसू देखकर मन व्यथित है। एक घर का चिराग बुझ गया और परिवार न्याय की उम्मीद में प्रशासन की ओर देख रहा है। ऐसे समय में सरकार के कानून-व्यवस्था के दावे जनता के जख्मों पर मरहम नहीं लगा सकते।
उन्होंने कहा कि भगवानदीन यादव हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर साजिश और हत्या के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जाए। किसी भी प्रभावशाली व्यक्ति के दबाव में जांच प्रभावित नहीं होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।
बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए माही ने कहा, भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि जब जनता सुरक्षित नहीं है, तो कानून-व्यवस्था के दावे किस आधार पर किए जा रहे हैं? अपराधियों में कानून का भय और पीड़ितों में न्याय का भरोसा पैदा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक समाजवादी कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। परिवार की हर संभव मदद की जाएगी और जरूरत पड़ने पर लोकतांत्रिक तरीके से प्रशासन के सामने उनकी आवाज मजबूती से उठाई जाएगी।



