प्राचीन शिव मंदिर में शिवलिंग खंडित मिलने से हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

गाजियाबाद। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में देर रात शिवलिंग खंडित मिलने से हड़कंप मच गया। डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस करीब 1:30 बजे मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर का निरीक्षण कर आसपास के लोगों व प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की।

पूछताछ में करीब 16-17 वर्ष की एक किशोरी के मंदिर परिसर में देखे जाने और बाद में बाउंड्री से कूदकर बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किशोरी की घटना में भूमिका की पुष्टि नहीं की है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और मौके की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की मौजूदगी में खंडित शिवलिंग को हटवाकर नया शिवलिंग स्थापित कराया गया। एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पुलिस सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Related Articles

Back to top button