157 घंटे का महा सफाई अभियान संपन्न, सफाई मित्रों को किया सम्मानित

गांधी जयंती पर नगर निगम मुख्यालय में ध्वजारोहण, महापौर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ

गाजियाबाद। महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में महापौर सुनीता दयाल और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान पार्षदों, निगम अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत माता की जय और जय हिंद के नारे लगाए। नगर पालिका बालिका विद्यालय चंद्रपुरी की छात्राओं ने रघुपति राघव राजा राम की प्रस्तुति से कार्यक्रम की शुरुआत की।

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि नगर निगम मुख्यालय के साथ शहर के पांचों जोन में गांधी जयंती मनाई गई। इसी के साथ 17 सितंबर को राजेंद्र नगर से शुरू हुआ 157 घंटे का महा सफाई अभियान भी संपन्न हुआ। अभियान के दौरान शहर के 100 वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाया गया और 100 से अधिक कूड़ा डालने के स्थलों को हटाकर उनका सौंदर्यीकरण कराया गया।

सफाई में योगदान देने वालों का सम्मान

गांधी जयंती के मौके पर महा सफाई अभियान में सहयोग करने वाले सफाई मित्रों, छात्र-छात्राओं, शहरवासियों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम प्रतिदिन शहर की सफाई और गंदगी हटाने का कार्य करता है, जिसमें पार्षदों का भी सहयोग मिलता है।

महापौर सुनीता दयाल ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रही है, लेकिन शहर को साफ रखने के लिए आमजन की भागीदारी भी जरूरी है।

इस अवसर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति के नारों के बीच लोगों ने स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Back to top button