सीडीओ ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश

गाजियाबाद। मुख्य विकास अधिकारी ने गुरुवार को मुरादनगर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भी मौजूद रहे।
सीडीओ ने विद्यालय के कक्ष-कक्षों, छात्रावास के बेडरूम, रसोईघर सहित अन्य व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की दीवारों की आवश्यक मरम्मत और पुताई कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
छात्राओं के लिए पेयजल व्यवस्था के तहत लगे आरओ की नियमित देखरेख और आवश्यक मरम्मत कराने के साथ निर्धारित समय पर फिल्टर बदलने के निर्देश दिए गए। आरओ के फिल्टर बदलने की तिथि विद्यालय की दीवार पर स्पष्ट रूप से अंकित करने को कहा गया, ताकि इसकी निगरानी की जा सके। सभी कक्षाओं में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
खेलकूद ट्रैक और डाइनिंग हॉल बनाने के निर्देश
विद्यालय में कंटीजेंसी मद से होने वाले खर्च का पूरा विवरण, बिल और वाउचर आदि अभिलेख व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए। किसी भी खर्च से पहले सक्षम स्तर से अनुमति लेने और खर्च के बाद उसका विवरण संबंधित रजिस्टर में दर्ज करने को कहा गया।
सीडीओ ने कंटीजेंसी मद से सोलर लाइट उपकरण लगाने के निर्देश भी दिए, ताकि बिजली के खर्च में कमी लाई जा सके। इसके अलावा छात्राओं की खेल प्रतिभा को विकसित करने के लिए खेलकूद ट्रैक और बच्चों के भोजन के लिए डाइनिंग हॉल बनाने के निर्देश दिए गए।


