81 पार्कों के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 7.13 करोड़ रुपये

गाजियाबाद। शहर के पार्कों को हरा-भरा और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम 7 करोड़ 13 लाख रुपये खर्च करेगा। उद्यान विभाग की ओर से शहर के 81 पार्कों के सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए निविदा जारी कर दी गई है। निविदाएं 12 अक्टूबर 2026 को खोली जाएंगी। इसके बाद दस्तावेजों की जांच पूरी होने पर कार्य शुरू कराया जाएगा।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, पार्षदों की ओर से दिए गए प्रस्ताव और आवेदनों के आधार पर विभिन्न वार्डों के पार्कों को योजना में शामिल किया गया है। पार्कों में फुटपाथ निर्माण, रंगाई-पुताई, ग्रिल लगाने, दीवारों की मरम्मत और ग्रिडवॉश प्लास्टर सहित अन्य विकास कार्य कराए जाएंगे।

ये कार्य विजय नगर, कविनगर, सिटी, वसुंधरा और मोहन नगर जोन समेत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में होंगे। पार्कों के सौंदर्यीकरण और बेहतर रखरखाव से स्थानीय लोगों को सैर व मनोरंजन के लिए बेहतर वातावरण मिलने की उम्मीद है। साथ ही हरित क्षेत्र बढ़ने से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि शहर में विकास कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। पार्कों की हरियाली और सुंदरता शहर की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नगर निगम का उद्देश्य शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर और सुविधायुक्त पार्क उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि शहर की पहचान सफाई, हरियाली और प्रकाश व्यवस्था से होती है और नगर निगम इन तीनों क्षेत्रों में लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि शहर के कई पार्कों और प्रमुख मार्गों पर सजावटी प्रकाश व्यवस्था भी कराई गई है।

नगर निगम के अनुसार, पिछले सप्ताह करीब 271 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की निविदाएं भी जारी की गई थीं। अब उद्यान विभाग के माध्यम से 81 पार्कों के सौंदर्यीकरण की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button