दहेज प्रताड़ना पड़ी भारी: रिपोर्ट दर्ज
अतिरिक्त दहेज के लिए विवाहिता को किया प्रताड़ित, चार नामजद

भरथना,इटावा। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने,मारपीट करने और मायके के पास छोड़कर चले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस ने पति समेत चार ससुरालीजनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बे के ब्रजराज नगर निवासी मुसकान पुत्री शाहिद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह 13 अप्रैल 2025 को मुस्लिम रीति-रिवाज से दिल्ली के चांदबाग क्षेत्र निवासी समीर के साथ हुआ था। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति समीर, सास शमा बेगम,ससुर मोहम्मद रफीक और ननिया सास अकीला बेगम अतिरिक्त दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल, सोने की चेन व अंगूठी और तीन लाख रुपये की मांग करने लगे।
मुसकान का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते थे। पति कई बार तलाक देने की धमकी देता था। कमरे में बंद कर उसके साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता के अनुसार,चार सितंबर को पति समेत अन्य ससुरालीजन उसके साथ मारपीट कर उसे भरथना स्थित मायके के पास छोड़ गए। आरोप है कि वहां तीन बार तलाक कहकर जान से मारने की धमकी दी और अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी होने पर ही उसे साथ रखने की बात कह कर चले गये । पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



