शहीदों की वीरभूमि शहीद स्मारक पर मातृभूमि सेवा मिशन ने झाड़ू लगाकर चलाया स्वच्छता अभियान

मुंशीगंज शहीद स्मारक में साधकों ने हटाया कूड़ा-कचरा, परिसर को स्वच्छ रखने का लिया संकल्प

रायबरेली। शहीदों की वीरभूमि पर गुरुवार को झाड़ू चली तो स्वच्छता के साथ देशभक्ति का संदेश भी गूंज उठा। मातृभूमि सेवा मिशन कुरुक्षेत्र इकाई रायबरेली परिवार के साधकों ने एक अक्टूबर को ऐतिहासिक मुंशीगंज शहीद स्मारक परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर कूड़ा-कचरा हटाया और पूरे परिसर की साफ-सफाई की।

संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्रा के निर्देशन और प्रदीप पांडे के संयोजन में हुए अभियान में मिशन से जुड़े साधकों ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता की शुरुआत की। उन्होंने परिसर में फैली गंदगी को हटाते हुए लोगों को सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

साधकों ने कहा कि मुंशीगंज शहीद स्मारक केवल ईंट-पत्थरों से बना परिसर नहीं, बल्कि देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृतियों से जुड़ी वीरभूमि है। ऐसे ऐतिहासिक स्थलों को स्वच्छ और सुंदर रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

अभियान के दौरान साधकों ने स्वच्छता को केवल एक दिन का कार्यक्रम न मानकर इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। सभी ने शहीद स्मारक परिसर को सदैव स्वच्छ रखने का संकल्प लिया। इस दौरान ‘जहां स्वच्छता है, वहां स्वास्थ्य है और जहां स्वच्छता है, वहां संस्कार है’ का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का समापन ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ हुआ।

अभियान में राकेश, अरविंद, पिंकू सिंह, एडवोकेट अजय पाल सिंह, दिनेश पांडे, रश्मि पांडे, माया, आंचल, सीबी सिंह, गुड्डू, पुनीत, शिवांशी, योग शिक्षक अनूप शर्मा, आशीष, शिवेंद्र, आँचल आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button