डीएम ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादें, दिव्यांगों की समस्याओं का कराया तत्काल समाधान

गाजियाबाद। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गरीब, पीड़ित और बेसहारा लोगों की समस्याओं के समाधान में अधिकारी संवेदनशीलता के साथ कार्य करें, ताकि जरूरतमंदों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनसुनवाई के दौरान मोदीनगर निवासी दिव्यांग क्रिकेटर ओमवीर सैन ने नगर पालिका मोदीनगर में रोजगार उपलब्ध कराने, उनके नाम से सड़क का नामकरण कराने सहित अन्य सहयोग के लिए जिलाधिकारी का आभार जताया और उनका आशीर्वाद लिया।
वहीं, ग्राम दोसा बंजारपुर निवासी दिव्यांग मुकेश कुमार अपने बड़े भाई के साथ दिव्यांग पेंशन से जुड़ी समस्या लेकर जिलाधिकारी के समक्ष पहुंचे। डीएम ने उनकी समस्या को गंभीरता से सुनते हुए पेंशन संबंधी शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया। साथ ही मौके पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए और अन्य पात्र सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया।
तत्काल सहायता मिलने पर मुकेश कुमार और उनके बड़े भाई ने जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक शिकायत का नियमानुसार और समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।



