बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर सख्त नियम बनाने की मांग, सीमा त्यागी बोलीं- प्लेटफॉर्मों की भी तय हो जिम्मेदारी

गाजियाबाद। बच्चों के सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल और उससे जुड़े संभावित दुष्प्रभावों को लेकर इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा त्यागी ने केंद्र सरकार से स्पष्ट नीति और प्रभावी नियम बनाने की मांग की है।

सीमा त्यागी ने कहा कि यूरोपीय आयोग ने सितंबर 2026 में EU KIDS Act का प्रस्ताव रखा है। इसके तहत 13 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के सोशल मीडिया अकाउंट पर रोक तथा 15 वर्ष की उम्र से स्वतंत्र सोशल मीडिया अकाउंट खोलने की व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। 13 से 15 वर्ष की उम्र के बच्चों के लिए अभिभावक की निगरानी वाले अकाउंट का प्रावधान भी प्रस्ताव में शामिल है। इसके साथ ही आयु सत्यापन और डिजिटल सेवाओं को बच्चों के लिए सुरक्षित बनाने पर जोर दिया गया है।

सीमा त्यागी ने कहा कि भारत में बच्चों की डिजिटल सुरक्षा को केवल माता-पिता की जिम्मेदारी मानकर नहीं छोड़ा जा सकता। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्मों की जवाबदेही तय करने के साथ प्रभावी आयु सत्यापन, बच्चों की निजता की सुरक्षा, सुरक्षित डिफॉल्ट सेटिंग, अभिभावकीय नियंत्रण और हानिकारक सामग्री से सुरक्षा के लिए स्पष्ट नियम जरूरी हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में बच्चों की सुरक्षा केवल तकनीकी विषय नहीं, बल्कि उनके अधिकार, निजता, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़ा महत्वपूर्ण मुद्दा है। केंद्र सरकार को भारतीय परिस्थितियों और बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए सोशल मीडिया के बढ़ते दुष्प्रभावों से बचाव के लिए प्रभावी व्यवस्था पर विचार करना चाहिए।

सीमा त्यागी ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ और संतुलित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए अभिभावकों के साथ-साथ डिजिटल प्लेटफॉर्मों की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button