रामप्रस्थ कॉलोनी में 25-30 लाख की चोरी का खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना पुलिस ने रामप्रस्थ कॉलोनी में हुई चोरी की घटना का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 29 हजार रुपये नकद, चोरी के सामान और आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 25 से 30 लाख रुपये है। वारदात में इस्तेमाल पेचकस और सरिया भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को रामप्रस्थ कॉलोनी निवासी प्रदीप गुप्ता ने शिकायत दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी, सामान और आभूषण चोरी कर ले गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इनपुट के आधार पर जांच शुरू की।

लगातार सुराग जुटाने के बाद पुलिस ने 24 सितंबर को सीलमपुर के ई-ब्लॉक स्थित मछली मार्केट के पास झुग्गियों से आरोपी अली मोहम्मद उर्फ अलीमुद्दीन को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब चार-पांच दिन पहले अकेले घर में चोरी की थी। पुलिस से बचने के लिए उसने चोरी का सामान झुग्गियों के पास खाली स्थान में छिपा दिया था। बाद में चोरी का माल निकालने के दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ लिंक रोड, साहिबाबाद, निवाड़ी और दिल्ली में कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों और उसके नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button