जर्जर सड़क पर सफर जोखिम भरा
जर्जर सड़क से 16 गांवों के ग्रामीणों का है प्रतिदिन आवागमन

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर विकास खंड क्षेत्र के ग्राम निलोई और आसपास के करीब 16 गांवों से जोड़ने वाली मुख्य सड़क इन दिनों बदहाली की मार झेल रही है। सड़क पर जगह-जगह बड़े और गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हैं। लंबे समय से मरम्मत न होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।
ग्रामीणों के अनुसार निलोई के अलावा आलमपुर,नगला नरिया, परसौआ,नगला निहाल, शाहजहांपुर समेत करीब 16 गांवों के लोग प्रतिदिन इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। सड़क पर बने गड्ढों के कारण सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। गड्ढों से बचने के प्रयास में कई बार वाहन असंतुलित होने से लोग गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं।
बारिश के दिनों में सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। रात के समय अंधेरे में यह मार्ग और अधिक जोखिम भरा हो जाता है। ग्रामीणों ने सड़क का स्थलीय निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत कराने के साथ ही जल्द पुनर्निर्माण कराने की मांग की है।
बरसात बाद कराया जाएगा डामरी करण
प्रांतीय खंड के जेई राजन प्रसाद ने बताया कि सड़क के निर्माण के लिए कार्ययोजना भेज दी गई है। बरसात बंद होने के बाद सड़क का डामरी करण कराया जाएगा।



