2 करोड़ की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया तहलका! वरुण धवन ने भी जमकर की तारीफ

Hanumaan Ansh Movie: कम बजट में बनी फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर अप्रत्याशित प्रदर्शन दर्शकों और फिल्म समीक्षकों दोनों को चौंका रहा है। निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने महज 2 करोड़ रुपये की लागत में 100 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर इतिहास रच दिया है।
फिल्म की लगातार बढ़ती लोकप्रियता के बीच बॉलीवुड स्टार वरुण धवन भी अपनी मां करुणा धवन के साथ सिनेमाघर में इसका लुत्फ उठाने पहुंचे। फिल्म देखने के बाद वरुण ने न सिर्फ इसकी जमकर सराहना की, बल्कि दर्शकों से भी सपरिवार थिएटर्स पहुंचने की अपील की।
मां के साथ लिया दिव्य अनुभव, बिना पीआर के किया समर्थन
वरुण धवन ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए फिल्म को लेकर अपना व्यक्तिगत अनुभव बयां किया। उन्होंने लिखा कि मां के साथ ‘हनुमान अंश’ देखना उनके लिए एक बेहद खूबसूरत और अद्भुत अहसास रहा। वरुण ने साफ किया कि इस फिल्म की सराहना करने के लिए उन्हें किसी पीआर टीम या निर्माता ने संपर्क नहीं किया था, बल्कि फिल्म देखने के बाद जो प्रभाव उन पर पड़ा, उसी वजह से वे खुद आगे आकर दर्शकों को इसे देखने की सलाह दे रहे हैं। अभिनेता ने फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने वाले अभिनेता शोभिनव सत्या और निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के विजन की भी मुक्तकंठ से प्रशंसा की।
बचपन से रहा हनुमान जी से जुड़ाव, बताया सिनेमा से परे एक अहसास
वरुण ने अपने पोस्ट में इस बात का भी उल्लेख किया कि उनका बचपन से ही भगवान हनुमान के प्रति गहरा विश्वास और जुड़ाव रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ केवल 70 एमएम के पर्दे पर चलने वाली एक सामान्य फिल्म नहीं है, बल्कि यह एक बेहद पवित्र और दिव्य अनुभूति कराती है। इसी वजह से उन्होंने अपने फैंस और आम दर्शकों से अपील की कि वे अपने माता-पिता और दोस्तों के साथ बड़े पर्दे पर जाकर इस सिनेमाई यात्रा का हिस्सा बनें।
‘मिर्ज़ापुर’ की ‘डिंपी’ ने जताई अली फ़ज़ल के साथ रोमांस करने की इच्छा, कहा- भाई-बहन के टैग से बाहर निकलना चाहती हूँ
कंगना और सहवाग से लेकर बड़े दिग्गज भी कर चुके हैं तारीफ
गौरतलब है कि वरुण धवन से पहले भी कई जाने-माने सितारे इस छोटे बजट की ब्लॉकबस्टर फिल्म के पक्ष में खड़े दिखाई दिए हैं। अभिनेत्री कंगना रनौत, पूर्व भारतीय क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक मधुर भंडारकर और फिल्मकार आदित्य धर जैसी हस्तियां पहले ही फिल्म की विषयवस्तु और इसकी सादगी भरी प्रस्तुति की सराहना कर चुकी हैं। सीमित संसाधनों और न्यूनतम प्रचार के बावजूद 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर यह फिल्म भारतीय सिनेमा में कंटेंट-ड्रिवन फिल्मों की नई मिसाल बन गई है।



