बारिश से घरों में हुए जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने किया राज्य मार्ग जाम

महराजगंज, रायबरेली। भारी बारिश से घरों में हुए जलभराव से परेशान कोटवा मदनिया गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को महराजगंज-हैदरगढ़ मार्ग जाम कर दिया। जाम की सूचना पर हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और चक्का जाम कर रहे एक युवक अनुपम जायसवाल को अपने साथ तहसील ले आई। युवक को पुलिस द्वारा ले जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण तहसील पहुंच गए और एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम से मुलाकात कर जलभराव से उत्पन्न समस्याओं से अवगत कराया।
बताया जाता है कि लगातार हो रही बारिश और महराजगंज ड्रेन की साफ-सफाई न होने के कारण ड्रेन के आसपास बसे गांवों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। पानी घरों तक पहुंचने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी से नाराज कोटवा मदनिया के ग्रामीणों ने बुधवार को महराजगंज-हैदरगढ़ मुख्य मार्ग पर बैठकर आवागमन बाधित कर दिया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस एक युवक अनुपम जायसवाल को अपने वाहन में बैठाकर तहसील परिसर ले गई। इससे नाराज ग्रामीण भी तहसील पहुंच गए और वहां हंगामा करने लगे। स्थिति को देखते हुए एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं।
ग्रामीणों ने बताया कि जलभराव के कारण गांव में विद्युत खंभा टूट गया है, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इसके अलावा गौवंशों के चारे और पानी की समस्या, इलाज की समुचित व्यवस्था, महराजगंज ड्रेन की सफाई तथा गांव में आवागमन सुचारु कराने की मांग की गई।
एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गौवंशों को नजदीकी गौशाला में भिजवाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने विद्युत विभाग के एक्सईएन को तत्काल टीम भेजकर विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं पूर्ति निरीक्षक को समय से पहले राशन वितरण कराने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एसडीएम ने बताया कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुरोध पर एसडीएम ने प्रभारी निरीक्षक जगदीश यादव को अनुपम जायसवाल को छोड़ने के निर्देश दिए। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए।



