रास्ते में भरे पानी में कूड़ा डालने को लेकर विवाद
महिला से मारपीट, तीन पर नामजद रिपोर्ट दर्ज

जसवंतनगर,इटावा। घर के सामने गली में भरे पानी में कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद में महिला के साथ मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़िता पप्पी देवी पत्नी रामकुमार ने थाना में तहरीर देकर कैलाश,उसकी पत्नी सुनीता और बेटी चांदनी पर मारपीट व गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
पप्पी देवी ने तहरीर में बताया कि घर के सामने भरे हुए पानी में कूड़ा डालने से रोकने को लेकर आरोपियों से विवाद हो गया था। पीड़िता का आरोप है कि कैलाश, उसकी पत्नी सुनीता और बेटी चांदनी ने मिलकर उसके व उसकी बेटी अर्चना के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। घटना के बाद पीड़िता ने थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि पप्पी देवी की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों कैलाश,सुनीता और चांदनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



