खराब खड़े ट्रक में घुसी कार: तीन घायल
हाईवे ओवरब्रिज पर हुआ बड़ा हादसा

जसवंतनगर,इटावा। हाईवे ओवरब्रिज पर बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे सड़क किनारे खड़े खराब ट्रक में तेज रफ्तार कार पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
थानाध्यक्ष कमल भाटी के अनुसार,आगरा की ओर से एक कार इटावा की तरफ जा रही थी। नगर स्थित फ्लाईओवर पर सड़क किनारे एक ट्रक खराब हालत में खड़ा था। इसी दौरान कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार ट्रक में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में अमन पुत्र धर्मवीर सिंह, शिवम प्रताप सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह निवासी नयावास, थाना नारखी, फिरोजाबाद और अंशिक पुत्र दयाल सिंह निवासी महेडा,थाना रसूलाबाद, कानपुर देहात घायल हो गए।
सूचना पर थानाध्यक्ष कमल भाटी,उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी और हेमंत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर तीनों को बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया,जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने हाइड्रा मंगवाकर क्षतिग्रस्त कार को सड़क से हटवाया और यातायात सुचारु कराया।



