ओवरलोड डंपर हाईवे पर पलटा: कई किमी लंबा लगा जाम
मलाजनी के पास फ्लाईओवर की सर्विस रोड पर हादसा

जसवंतनगर,इटावा। मंगलवार रात करीब ढाई बजे राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलाजनी गांव के समीप नवनिर्मित फ्लाईओवर ब्रिज की सर्विस रोड पर मौरंग से लदा ओवरलोड डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद इटावा से आगरा की ओर जाने वाले मार्ग पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
डंपर पलटने की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी ने उपनिरीक्षक ललित चतुर्वेदी को पुलिस बल के साथ मौके पर भेजा। पुलिस ने तत्काल यातायात को सुचारु कराने के लिए रूट डायवर्ट कराया,जिससे जाम में फंसे वाहनों को दूसरे रास्ते से निकाला गया।
इसके बाद फ्लाईओवर का निर्माण करा रही संस्था की टीम और हाईवे टीम को मौके पर बुलाया गया। डंपर में भरी मौरंग को खाली कराने के बाद हाइड्रा की मदद से उसे हटाने का काम शुरू किया गया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद डंपर को राजमार्ग से हटाया जा सका, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।



