स्वच्छ रसोई, स्वस्थ जीवन का संदेश लेकर आयोजित हुई ‘किचन हाइजीन– रसोईशाला’ कार्यशाला

गाजियाबाद। आश्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उनमें स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘किचन हाइजीन–रसोईशाला’ कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में बच्चों को रसोई की स्वच्छता, स्वास्थ्यवर्धक आदतों और दैनिक जीवन में साफ-सफाई के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ एंकरिंग के साथ हुआ। इसके बाद योग एवं पीटी के माध्यम से बच्चों को शारीरिक स्वास्थ्य, अनुशासन और सक्रियता का संदेश दिया गया। कार्यशाला में ‘रसोई स्वच्छता’ और ‘किचन की अच्छी आदतें’ विषय पर ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों एवं वीडियो के माध्यम से बच्चों को भोजन की स्वच्छता, व्यवस्थित रसोई तथा स्वस्थ आदतों के महत्व को सरल और रोचक तरीके से समझाया गया।
विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने खेल-खेल में स्वच्छता से जुड़ी महत्वपूर्ण बातें सीखीं। वहीं, स्वतंत्रता दिवस की भावना से ओत-प्रोत विशेष नृत्य प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग भर दी।
समापन अवसर पर दिव्य गुरु आशुतोष महाराज जी की शिष्या साध्वी श्वेता भारती जी ने बच्चों को प्रेरणादायी मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल बाहरी साफ-सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारवान जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने बच्चों को छोटी-छोटी अच्छी आदतों को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला ज्ञान, स्वास्थ्य, संस्कार, रचनात्मकता और आनंद का सुंदर समन्वय रही। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के मन में ‘स्वच्छ रसोई, स्वस्थ जीवन’ का प्रेरणादायी संदेश स्थापित किया गया।



