घर में मिले माँ-बेटी के रक्त रंजिश शव: फैली दहशत
डबल मर्डर की खबर से पुलिस महकमे में मचा हड़कम्प, जांच में जुटी पुलिस

भरथना,इटावा। भरथना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चन्देठी मेें घर के अन्दर तेज धारदार हथियार से माँ-बेटी की जघन्य हत्या के बाद रक्त रंजिश शव मिलने से ग्रामीणों में दहशत के साथ सनसनी फैलने के साथ पुलिस महकमे में बुरी तरह हडकम्प मच गया। क्षेत्र में डबल मर्डर की सूचना पर पुलिस कप्तान सहित आलाधिकारियों व फॉरेंसिक टीम ने घटना पर पहुंचकर जाँच पडताल के साथ मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार की सुबह क्षेत्र के ग्राम चन्देठी में उस समय हडकम्प के साथ दहशत फैल गयी। जब गांव के एक घर के अन्दर माँ-बेटी की तेज धारदार हथियार से जघन्य हत्या होने की जानकारी हुई। ग्रामीणों के अनुसार ससुराल me विवाद के बाद से विवाहित बेटी अपनी माँ के घर मायके में रहती थी, जबकि घर के अन्य सभी पुरूष सदस्य बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य,प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, प्रभारी निरीक्षक (अपराध) अरिमर्दन सिंह भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुँच गए और जाँच पडताल में जुट गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।
घटना के सम्बन्ध में पुलिस कप्तान बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में थाना पुलिस को जानकारी हुई थी। मौके पर पहुँची पुलिस ने देखा कि माँ पुष्पा देवी 62 वर्ष व विवाहित बेटी निर्मला 43 वर्ष का शव घर के अन्दर पडा हुआ था। जिनकी किसी तेज धारदार हथियार से गला काटकर निर्मम हत्या की गई है। पुष्पा देवी पत्नी सुरेश चन्द्र का शव गैलरी में चारपाई व निर्मला का शव आंँगन में खून से लथपथ अवस्था में मिला। समीप ही घटना में प्रयुक्त एक दरांती भी पुलिस ने बरामद की है। जबकि घर के अन्य किसी सामान से कोई छेडछाड नहीं की गई है। करीब दो दिन से घर से किसी भी व्यक्ति का आवागमन न होने पर ग्रामीणों को शक हुआ, जिस पर ग्रामीणों की सजगता पर घटना की जानकारी हो सकी।
पुलिस कप्तान श्री श्रीवास्तव ने बताया कि घटना के सम्बन्ध में मृतका पुष्पा देवी के पुत्र नन्दू से दूरभाष पर वार्ता हुई,तो उसने बताया कि वह व उसका एक भाई, पिता नोएडा व पुणे में प्राइवेट नौकरी करते हैं। घर पर उनकी माँ पुष्पा देवी व एक विवाहित बहिन निर्मला रहती है।
बहिन निर्मला की शादी विगत दिनांक 26 अप्रैल, 2021 को थाना क्षेत्र किशनी मैनपुरी में की थी, किन्तु शादी के करीब 3-4 माह बाद ही बहिन के ससुरालीजनों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। तब से लेकर वर्तमान समय तक बहिन गांव चन्देठी में मायके में माँ के साथ ही रह रही थी। जिसके सम्बन्ध मेें पूर्व में थाना किशनी में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था तथा एक वाद घरेलू हिंसा व मेंटीनेंस का मा. पारिवारिक न्यायालय में भी दायर था। जिसका न्यायालय द्वारा अन्तिम निर्णय बहिन निर्मला के पक्ष में यह तय हुआ कि उसके पति द्वारा 7 हजार रूपया प्रतिमाह उसे गुजारा हेतु दिया जायेगा।
प्रथम दृष्टया मामला बेटी की ससुराल से चल रहे वाद-विवाद के कारण होना प्रतीत होता है। फिल्हाल घटना के कारणों की सटीक पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस अधिकारी व फॉरेंसिक टीम मामले की जाँच में जुटी हुई है।
लाल स्कूटी सवार युवक पर भी पुलिस की नजर
ग्रामीणों के अनुसार एक युवक लाल रंग की स्कूटी से अक्सर मां-बेटी के घर आता-जाता था। पुलिस अब इस युवक की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है और घर दो दिन से बंद होने के कारण शवों से दुर्गंध आने के बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। फॉरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने में लगे हैं।



