नगर में शुरू हुआ लॉ कॉलेज

कानून की पढ़ाई के लिए अब बाहर जाने की जरूरत नहीं

जसवंतनगर,इटावा l चौ.सुघर सिंह ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस नगर के शिक्षा क्षेत्र में एक और नया अध्याय जुड़ गया है। ग्रुप के अंतर्गत चौ. सुघर सिंह लॉ कॉलेज की शुरुआत के साथ क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए विधि शिक्षा के नए अवसर खुल गए हैं। कॉलेज को बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) से मान्यता मिलने के बाद यहां बीए एलएलबी और एलएलबी पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

संस्थान की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव और ग्रुप डायरेक्टर डॉ.संदीप पांडेय ने लॉ कॉलेज की शुरुआत, पाठ्यक्रम और प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी दी। बताया गया कि कॉलेज छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय,कानपुर से संबद्ध है।

12वीं के बाद बीए एलएलबी,स्नातक के बाद एलएलबी कॉलेज में बीए एलएलबी पांच वर्षीय एकीकृत पाठ्यक्रम और एलएलबी तीन वर्षीय पाठ्यक्रम में प्रवेश प्रारंभ हो चुके हैं। 12वीं कक्षा उत्तीर्ण विद्यार्थी बीए एलएलबी में प्रवेश ले सकते हैं, जबकि स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थियों के लिए तीन वर्षीय एलएलबी पाठ्यक्रम उपलब्ध है।

प्रबंध निदेशक अनुज मोंटी यादव ने कहा कि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण और रोजगारपरक उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना है। लॉ कॉलेज की शुरुआत इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के साथ उनके व्यक्तित्व और व्यावसायिक कौशल को विकसित करने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।

मूट कोर्ट और केस स्टडी से मिलेगी व्यावहारिक जानकारी ग्रुप डायरेक्टर डॉ.संदीप पांडेय ने बताया कि विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें कानूनी तर्क, विश्लेषणात्मक क्षमता, मूट कोर्ट गतिविधियों, कानूनी चर्चाओं और केस स्टडी के माध्यम से विधि के व्यावहारिक पक्ष से परिचित कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि लॉ कॉलेज शुरू होने से इटावा और आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को विधि शिक्षा के लिए दूसरे शहरों की ओर जाने की आवश्यकता कम होगी। विधि की पढ़ाई पूरी करने के बाद विद्यार्थी अधिवक्ता,न्यायिक सेवा, विधिक सलाहकार और कॉरपोरेट लॉ समेत कानून से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं।

ये रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रबंधन सदस्य अशांक हनी यादव,डॉ.रीमा मंडल, प्रदीप यादव,रविंद्र सिंह, फ्रांसिस के.ए.,आस्था त्रिपाठी,गौरव भदौरिया, गौरव यादव,मनीष चौधरी समेत संस्थान का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।

Related Articles

Back to top button