पति-पत्नी की एक साथ उठी अर्थी, हर आंख हुई नम

सड़क हादसे में बुधवार को गंभीर घायल हुए थे तीन लोग

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर कोतवाली क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर जमुनाबाग पुल के पास बुधवार को हुए सड़क हादसे में गंभीर घायल हुए पति-पत्नी ने गुरुवार सुबह सैफई पीजीआई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में तीसरा युवक भी गंभीर हालत में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।

ग्राम धरवार निवासी 53 वर्षीय प्रेम सिंह कुशवाह पुत्र राजाराम उनकी 50 वर्षीय पत्नी बुद्ध श्री और पड़ोसी 26 वर्षीय आकाश पुत्र अरविंद बुधवार को बीमार प्रेम सिंह की जसवंतनगर से दवा लेकर बाइक से वापस घर जा रहे थे।इसी दौरान आगरा की ओर जा रहा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया।टैंकर के पिछले हिस्से में बाइक फंस गई और वह कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।हादसे में तीनों गंभीर घायल हो गए थे।

थानाध्यक्ष कमल भाटी ने तत्काल एंबुलेंस से प्रेम सिंह और आकाश को सीधे सैफई पीजीआई भेजा,जबकि बुद्ध श्री को सीएचसी जसवंतनगर में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें भी सैफई रेफर कर दिया गया।गुरुवार सुबह इलाज के दौरान करीब चार बजे पहले बुद्ध श्री ने दम तोड़ा उसके ठीक आधे घंटे बाद पति प्रेम सिंह की भी सांसे थम गयी।अस्पताल की सूचना पर पहुंचे धरवार चौकी इंचार्ज यशवीर तोमर ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।

गांव में अंतिम संस्कार के लिए पति पत्नी की एक साथ अर्थी जब घर से उठी तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया।हर किसी की आंखें नम थीं। बताया गया कि मृतक दंपती अपने पीछे दो पुत्र कृष्ण गोपाल और महेंद्र को छोड़ गए हैं।दोनों सूरत में प्राइवेट नौकरी करते हैं।इस हृदय विदारक घटना से गांव में शोक की लहर है।उधर घायल आकाश की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है और वह सैफई में भर्ती है।

24 घंटे में मौतो से गांव में नहीं जले चूल्हे

धरबार गांव में 24 घंटे में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत ने सभी ग्रामीणों को झकझोर दिया।सभी गम में डूबे हुए हैं गम ऐसा कि गांव में चूल्हे तक नहीं जले।ग्राम प्रधान शैलेंद्र यादव ने बताया कि पता नहीं गांव को किसकी नजर लग गई।मंगलवार शाम को हाईवे पर मीठेपुर में गांव के ही अंशुल और राहुल सड़क हादसे का शिकार हो गए जिसमें अंशुल की मौत हो गई और राहुल का फिरोजाबाद अस्पताल में इलाज चल रहा है,24 घंटे भी नहीं बीते थे कि बुधवार को हाईवे पर जमुनाबाग पर दूसरे सड़क हादसे में पति पत्नी प्रेम सिंह और बुद्ध श्री ने जान गवायी।इसी हादसे में तीसरे घायल आकाश की चिंताजनक हालत बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button