निरीक्षण में सिंचाई प्रभारी पर कार्रवाई के निर्देश
सीडीओ ने किया जसवंतनगर ब्लॉक का औचक निरीक्षण

जसवंतनगर,इटावा। मुख्य विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह ने शुक्रवार को विकासखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों के रखरखाव, सरकारी योजनाओं की प्रगति और कार्यालयों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। लघु सिंचाई कार्यालय में प्रभारी के अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीडीओ ने एनआरएलएम कार्यालय का निरीक्षण कर अधिकारियों को स्वयं सहायता समूहों की संख्या बढ़ाने, निष्क्रिय समूहों को सक्रिय करने तथा उनके कार्यों में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं से जुड़े सभी अभिलेख नियमित रूप से अपडेट रखे जाएं।
निरीक्षण के दौरान विकासखंड परिसर में मौजूद फरियादियों से बातचीत कर उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यालय आने वाले लोगों की शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण किया जाए तथा टालमटोल की नीति न अपनाई जाए। इस दौरान उन्होंने परिसर स्थित पचनद कैंटीन का भी निरीक्षण किया, जहां कंप्यूटर सेंटर संचालित मिला।
बाद में सीडीओ ने ग्राम रायनगर स्थित गौशाला पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और गौशाला प्रभारी को आवश्यक सुधार संबंधी निर्देश दिए। हालांकि उन्होंने गौशाला की समग्र व्यवस्थाओं पर संतोष भी व्यक्त किया। निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक एवं खंड विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



