नारियल से भरा ई-रिक्शा नाले में पलटा: एक घायल

भरथना,इटावा। भरथना कस्बे के पाली बंबा-यादव नगर मार्ग पर बुधवार सुबह नारियल से लदा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले में पलट गया। हादसे में फल विक्रेता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला कल्याण नगर निवासी सुमित पाली बंबा पर फल की दुकान लगाते हैं। बुधवार सुबह वह बिधूना बस स्टैंड के पास स्थित मंडी से किराये के ई-रिक्शे में करीब पांच बोरी नारियल लेकर अपनी दुकान की ओर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाली बंबा-यादव नगर मार्ग पर एक ऑटो के अचानक कट मारने के बाद चालक ई-रिक्शे से नियंत्रण खो बैठा। वहीं सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन सीधे सड़क किनारे बने नाले में पलट गया। हादसे में सुमित गंभीर रूप से घायल हो गए,जबकि ई-रिक्शा भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। लोगों ने घायल को ई-रिक्शे से बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाली बंबा-यादव नगर मार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर गड्ढों के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं,लेकिन संबंधित विभाग अब तक मरम्मत नहीं करा सका है। लोगों ने सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।



