बहू के मायके वालों ने बुजुर्ग को पीटा, मौत

ऊँचाहार , रायबरेली। ननद भाभी के बीच हुई मारपीट के बाद बेटी को लेकर शिकायत करने कोतवाली जा रहे बुजुर्ग पिता को रास्ते में बहू के मायके वालों ने बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया । जिला अस्पताल में घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई । जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया । पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है ।
घटना कोतवाली क्षेत्र के बसुवई मजरे कमालपुर गांव की है । मामला मंगलवार का है । गांव निवासी रामदीन की बहू नीलम और उनकी बेटी शिवानी के मध्य घरेलू विवाद में मारपीट हो गई थी । जिसमें शिवानी घायल हो गई थी ।
घायल बेटी को लेकर रामदीन ( (51वर्ष) कोतवाली जा रहे थे । इसकी सूचना उनकी बहू नीलम ने अपने मायके वालों को दी । बताया जाता है कि नीलम के भाई अपने अन्य चार साथियों के साथ रास्ते में मनीरामपुर पुल के पास पहुंचा और रामदीन को घेर लिया ,तथा उनकी जमकर पिटाई कर दी । जिससे रामदीन गंभीर रूप से घायल हो गए । आसपास के लोगों की मदद से रामदीन को गंभीर अवस्था में सीएचसी पहुंचाया गया । जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर दशा को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रात में जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रामदीन की मौत हो गई ।
मौत की सूचना बुधवार की सुबह जैसे ही उनके गांव पहुंची तो गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने परिवार के कुछ लोगों को हिरासत में लिया है । शव को कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम करा रही है। इस बाबत कोतवाल ओपी राय ने बताया कि मारपीट में घायल एक व्यक्ति की मौत हो गई है । मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।



