मऊ के बहरीपुर में लगा पोस्टर— चंदा चोर पार्टी का प्रवेश वर्जित

मऊ। सदर विधानसभा क्षेत्र के बहरीपुर मोड़ पर सोमवार को एक पोस्टर लगाए जाने को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। पोस्टर पर लिखा था, “चंदा चोर पार्टी का बहरीपुर, सदर विधानसभा में प्रवेश वर्जित है।” इस दौरान आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष विक्रम जीत सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर गंभीर आरोप लगाए और पारदर्शिता की मांग की।

विक्रम जीत सिंह ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए देशभर के करोड़ों लोगों ने श्रद्धा और आस्था के साथ चंदा दिया था। उनका आरोप है कि इस चंदे के उपयोग को लेकर समय-समय पर सवाल उठे हैं, जिससे लोगों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर जुटाए गए धन का सही और पारदर्शी उपयोग होना चाहिए तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम केवल एक धार्मिक आस्था के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि मर्यादा, न्याय और समानता के आदर्श भी हैं। उन्होंने अपने जीवन में निषादराज, शबरी, केवट और समाज के हर वर्ग को सम्मान दिया। इसलिए श्रीराम के नाम का इस्तेमाल किसी भी प्रकार की राजनीति या कथित भ्रष्टाचार से जोड़ना करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को आहत करता है।

आप जिलाध्यक्ष ने कहा कि बहरीपुर की जनता भ्रष्टाचार और जनता की आस्था के साथ किसी भी प्रकार के खिलवाड़ का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध कर रही है। बहरीपुर मोड़ पर लगाया गया यह पोस्टर भी जनता की इसी भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जनता अब जवाबदेही और पारदर्शिता चाहती है तथा किसी भी प्रकार के कथित चंदा घोटाले को स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि लोकतंत्र में जनता को अपनी बात शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से रखने का पूरा अधिकार है। बहरीपुर में लगाया गया यह पोस्टर भी उसी अधिकार के तहत जनता की नाराजगी और विरोध को दर्शाता है।

कार्यक्रम के दौरान अरमान खान, अवधेश मौर्य, संजय राजभर सहित पार्टी के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। पोस्टर लगाए जाने की घटना के बाद क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button