डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर वृक्षारोपण
क्विज विजेताओं को किया सम्मानित

जसवंतनगर,इटावा। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर माय भारत इटावा,युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय,भारत सरकार के तत्वावधान में ए.आर.इंटरनेशनल स्कूल में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार आकांक्षा मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि माय भारत की उप निदेशक सोनिका चंद्रा ने डॉ.मुखर्जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
अतिथियों ने डॉ.मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में तनिष शाक्य ने प्रथम,राजकिशोर ने द्वितीय तथा अर्पित कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को मेडल,प्रमाण-पत्र एवं आकर्षक उपहार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान हजरतपुर जैतिया,बिचपुरी खेड़ा एवं महामाई के माय भारत स्पोर्ट्स यूथ क्लबों को खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। अतिथियों ने युवाओं से शिक्षा,खेल, राष्ट्रसेवा एवं सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सीमा शाक्य,पर्यावरण निदेशालय से डॉ.संगीता, विद्यालय के प्रधानाचार्य, विद्यालय स्टाफ,माय भारत युवा क्लब से,ऋषभ पाठक,कुमारी नीरज, लालमन,नवनीत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का संचालन माय भारत इटावा की टीम ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।



