चकरोड़ पर अवैध कब्जा प्रशासन ने कराया मुक्त
एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर हटवाया अवैध कब्जा

जसवंतनगर,इटावा। आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायत को संज्ञान में लेते हुए उप जिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत ने शुक्रवार को राजस्व और पुलिस टीम के साथ मौजा मलाजनी के नगला हुलासी पहुंचे। यहां उन्होंने 10 साल से चक मार्ग पर किए गए अवैध कब्जे को हटवाकर ग्रामीणों को बड़ी राहत दी।शिकायतकर्ता प्रहलाद सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी नगला हुलासी ने आईजीआरएस पर शिकायत की थी कि उसके खेत के पड़ोसी खूब सिंह ने गाटा संख्या 47, जो राजस्व अभिलेखों में चक मार्ग दर्ज है, पर पिछले 10 वर्षों से अवैध कब्जा कर रखा है।
इस कारण प्रहलाद सिंह समेत आसपास के खेत वालों को अपने खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानी उठानी पड़ रही थी।उप जिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तुरंत टीम गठित की और स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने राजस्व टीम से चक मार्ग का सीमांकन कराया और अवैध कब्जे को जेसीबी से हटवाकर रास्ते को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान एसडीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि दोबारा चक मार्ग पर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।कार्रवाई के दौरान हल्का लेखपाल दीपक यादव,लेखपाल जहीर खान, उप निरीक्षक ललित कुमार चतुर्वेदी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा ग्राम भतौरा में भी उपजिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत के निर्देशन में नायब तहसीलदार नेहा सचान ने गांव में पहुंचकर आईजीआरएस के तहत दर्ज अवैध कब्जे की एक अन्य शिकायत का मौके पर निस्तारण किया।



