समाधान दिवस: मौके पर नहीं हुआ कोई निस्तारण
क्षेत्र के दस फरियादियों ने लगाई न्याय की गुहार

जसवंतनगर,इटावा। जसवंतनगर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में आमजन की समस्याएं सुनी गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत और अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी ने की। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 10 शिकायतें दर्ज हुईं, लेकिन किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
अधिकारियों ने संबंधित विभागों के कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों की मौके पर जांच कर समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, रास्ता, अतिक्रमण और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
ग्राम सुगंध नगर निवासी सुदामा देवी ने अपने पैतृक मकान पर दबंगों द्वारा कब्जा किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं ग्राम बलरई निवासी गोपाल प्रसाद ने बंद पड़े रास्ते को खुलवाने की मांग उठाई। ग्राम नगला छाते निवासी रामनिवास ने गांव के तालाब में गंदगी होने के कारण भैंस गिरकर मर जाने का आरोप लगाते हुए तालाब की सफाई कराने की मांग की।
नगर के वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश गुप्ता ने मोहन की मढ़ैया स्थित काली माता मंदिर को जोड़ने वाली पुलिया के निर्माण के लिए प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने कहा कि पुलिया न होने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी आयुषी सिंह, तहसीलदार नेहा सचान, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाया।



