ओवरब्रिज में दरारें बनी दहशत की वजह
मरम्मत न होने से राहगीरों में बढ़ा खतरा

जसवन्तनगर,इटावा। नगर में रेलवे लाइन के ऊपर बने ओवरब्रिज की बदहाल सड़क अब राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है।
ओवरब्रिज के ज्वाइंट के ऊपर बनी सड़क को करीब एक माह पूर्व लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों द्वारा तोड़ दिया गया था, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। इससे पुल पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें आए दिन वाहन फंस रहे हैं और लोग चोटिल हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों प्रशांत, आशीष, मनीष, गौरब, अनुराग, सुधीर, बबलू, सत्यवीर, छोटे, लालू आदि का कहना है कि सड़क तोड़ने के बाद विभाग ने मलवा भी सड़क किनारे ही डाल दिया, जिससे आवागमन और अधिक प्रभावित हो गया है। पुल से गुजरने वाले बाइक सवार सबसे ज्यादा परेशानी झेल रहे हैं। कई बाइक चालक गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं, जबकि कई मोटरसाइकिलों के पहिये तक टूट गए हैं। इसके बावजूद संबंधित विभाग स्थिति से अनजान बना हुआ है।
गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते से बचने के लिए कई वाहन चालक उल्टी दिशा से निकलने का प्रयास करते हैं। इससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि यदि जल्द मरम्मत कार्य नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
लोगों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी या संबंधित विभाग से पुल की सड़क की तत्काल मरम्मत कराने तथा सड़क किनारे पड़े मलवे को हटवाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुरक्षित हो सके।



