शराबी पिता ने छीनी मासूम की सांसें, पति ने उजाड़ी पत्नी की गोद

इकदिल,इटावा। मां की गोद में खिलखिलाने वाली साढ़े चार माह की मासूम दिव्यांशी अब हमेशा के लिए खामोश हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में धुत पिता ने अपनी ही बेटी को जमीन पर पटक दिया,जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना जसवंतनगर क्षेत्र के गांव विहारीपुरा निवासी मोहनी ने बताया कि सोमवार देर रात उसका पति नारायन शराब के नशे में घर पहुंचा और बिना वजह गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह दरिंदगी पर उतर आया। आरोप है कि उसने पहले बेटे को और फिर गोद में खेल रही मासूम दिव्यांशी को उठाकर जमीन पर पटक दिया। मासूम के कान से खून बहने लगा। बेटी को सीने से लगाकर बदहवास मां रात में ही सैफई मेडिकल कॉलेज पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह जब मां अपनी मृत बच्ची को गोद में लेकर मायके इकदिल के गांव नेवरपुर पहुंची तो हर आंख नम हो गई।
मां अपनी लाडली को सीने से चिपकाकर बिलखती रही। परिजनों की चीख-पुकार सुन गांव का माहौल गमगीन हो गया। बताया गया है कि मोहनी के पहले पति सतीश की दो वर्ष पूर्व ट्रेन हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार ने उसकी शादी देवर नारायन से करा दी थी। पहले पति से एक बेटी काव्या और दूसरे पति से एक बेटा व मासूम दिव्यांशी थी। महिला का आरोप है कि आरोपी पति आए दिन शराब पीकर मारपीट करता था। इसी वजह से वह कुछ दिन पहले बच्चों को लेकर मायके आ गई थी,लेकिन 15 दिन पहले ही ससुराल लौटी थी। परिजनों की सूचना पर इकदिल पुलिस नेवरपुर पहुंची और जाँच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
गांव में हर कोई यही कहता नजर आया कि जिस पिता की उंगली पकड़कर बेटी को चलना था,उसी ने उसकी सांसें छीन लीं। प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान ने बताया मामल इकदिल क्षेत्र का नही है महिला मृत अवस्था मे बच्ची को मायके लेकर आई आई थी जिसमे उसने पति पर पटकने का आरोप लगाया है।



