लुटेरों ने तमंचा दिखाकर व्यापारी से 16 लाख लूटे: पुलिस को दी चुनौती

लूट की घटना से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

भरथना,इटावा। भरथना कस्बा क्षेत्र के मुहल्ला नेविलगंज (पुरानी गल्ला मण्डी) में बीती रात्रि करीब 9 बजे बाइक सवार अज्ञात लुटेरों ने तमंचे के बल पर एक जनरल स्टोर के थोक व्यापारी से करीब 16 लाख रूपयों से भरा थैला लूटकर पुलिस को सनसनीखेज चुनौती दे डाली और लुटेरे बड़े आराम से लूट की घटना को अंजाम देकर फुर्र हो गए। व्यापारी से बड़ी लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। जिस पर एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव, एसपी ग्रामीण श्रीस चन्द्र, पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य, प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह, कस्बा पुलिस चौकी प्रभारी तन्मय चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच गये और पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की शिकायत पर बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास व मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है और व्यापारियों को लुटेरों की जल्द गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

व्यापारी गोविंद कुमार शाक्य (35 वर्ष) पुत्र श्याम कुमार शाक्य निवासी विशम्भर कॉलोनी भरथना ने बताया कि वह नेविलगंज स्थित अपनी जरनल स्टोर थोक की दुकान रोज की तरह सोमवार की रात्रि करीब 9 बजे दुकान बन्दकर बाइक से घर जाने को निकला था, जैसे ही वह जयगोपाल इण्टर कॉलेज से पहले पतली गली में पहुंचा, जहां पहले से एक घर की सीढ़ियों पर बैठे दो युवक व बाइक से पहुंचे तीन युवकों ने उसे घेर लिया और तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर उससे 16 लाख रूपयों से भरा थैला लूट लिया और तीन लुटेरे बाइक पर बैठकर यूनियन बैंक के रास्ते से व दो लुटेरे गलियों के रास्ते पैदल भाग जाने में सफल हो गए।

लूट के शिकार व्यापारी गोविन्द शाक्य ने बताया कि घटना के दौरान उन्होंने चीखने चिल्लाने और शोर मचाने का प्रयास किया, जिस पर लुटेरों ने तमंचा दिखाकर जान से मारने की धमकी देकर उनकी चीख बन्द कर दी। हालांकि पुलिस ने पीड़ित व्यापारी गोविन्द शाक्य की शिकायत पर घटनास्थल से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरों की शिनाख्त करना और उनके फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

आपको बतादें अभी कुछ दिनों पहले एक बदमाश तिलक रोड से एक सर्राफा की दुकान से सोने की अंगूठियों से भरी थैली लूटकर भाग निकला था, जिस घटना को पुलिस ने समय रहते सीसीटीवी कैमरों की मदद से लुटेरे बदमाश की शिनाख्त कर मय लूटे माल के गिरफ्तार कर लिया था। जिसको लेकर सर्राफा व्यापारियों सहित नगर के व्यापारी संगठनों ने पुलिस के सम्मान में कई स्वागत सम्मान के कार्यक्रम आयोजित कर पुलिस को शाबासी दी थी, लेकिन पुलिस अभी ठीक से अपनी पीठ थपथपा भी नहीं पाई थी, कि लुटेरों ने योजनाबद्ध तरीके से बड़ी लूट की घटना को अंजाम देकर पुलिस को फिर से चुनौती दे डाली।

Related Articles

Back to top button