कड़ी सुरक्षा के बीच होमगार्ड भर्ती परीक्षा सम्पन्न

सुल्तानपुर। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के तीसरे दिन सोमवार को जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई। केंद्रों के गेट पर सघन तलाशी के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह एवं पुलिस अधीक्षक चारू निगम सहित जोनल, सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों ने केंद्रों का निरीक्षण किया।

राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज महराजगंज के केंद्र प्रभारी डॉ. संतोष कुमार सिंह (अंश) ने जानकारी देते हुए बताया कि पहली पाली में 240 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 181 उपस्थित रहे, जबकि दूसरी पाली में 240 में से 185 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों को कड़ी जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया तथा परीक्षा को शुचिता पूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने में सभी का सहयोग सराहनीय रहा। परीक्षा देकर बाहर निकली अभ्यर्थी एकता मिश्रा ने बताया कि प्रश्नपत्र अपेक्षाकृत सरल था और केंद्र की व्यवस्थाएं भी संतोषजनक रहीं। हालांकि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से जुड़े कुछ प्रश्नों ने थोड़ी कठिनाई उत्पन्न की, जबकि सामान्य अध्ययन का स्तर सामान्य रहा।बलिया से आए अभ्यर्थी नितेश यादव ने कहा कि परीक्षा में माइनस मार्किंग न होने से उन्होंने अधिक प्रश्नों का उत्तर दिया, जिसका उन्हें लाभ मिलेगा।

वहीं बाराबंकी की कनुप्रिया ने बताया कि प्रश्नपत्र में विभिन्न विषयों से प्रश्न शामिल थे, बेहतर तैयारी होने पर पेपर और आसान हो सकता था।अंबेडकरनगर की अभ्यर्थी सारिका के अनुसार पेपर संतुलित था और लगभग 62 अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों के चयन की संभावना बन सकती है।

इस दौरान केंद्र पर प्रधानाचार्य आशीष श्रीवास्तव एवं परीक्षा सहायक डॉ. अबू मोहम्मद माजिद ने परीक्षा संचालन में निष्ठापूर्वक सहयोग किया। कुल मिलाकर परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

Related Articles

Back to top button