रसोई में फंदे पर लटका मिला नवविवाहिता का शव

संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत से फैली सनसनी

भरथना,इटावा। भरथना थाना क्षेत्र के ग्राम बनामई में शुक्रवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। उसका शव घर की रसोईघर में कपड़े की रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू करदी।

जानकारी के अनुसार,गांव निवासी अंकित की 22 वर्षीय पत्नी प्रिया का शव दोपहर करीब ढाई बजे घर में मिला। बताया गया कि प्रिया की शादी 29 अप्रैल 2025 को हुई थी और अभी विवाह को एक वर्ष भी पूरा नहीं हुआ था। घटना के समय वह घर में अकेली थी। पति अंकित खेती-किसानी का कार्य करता है,जबकि घर में ससुर राजेश जाटव और 12 वर्षीय देवर आशीष भी रहते हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। मृतका का मायका औरैया जनपद के थाना अजीतमल क्षेत्र के गांव बिलाबा में है। उसकी मां कीर्ति देवी का पहले ही निधन हो चुका है,जबकि पिता गोरे लाल दिल्ली में मजदूरी करते हैं। सूचना मिलने पर पिता दिल्ली से गांव के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि प्रिया अपने पिता की इकलौती संतान थी।

मायके पक्ष के ताऊ सुभाष कुमार और ताई मुन्नी देवी ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे प्रिया से वीडियो कॉल पर बातचीत हुई थी,उस समय सब कुछ सामान्य था। दोपहर में ससुर राजेश द्वारा फोन पर घटना की सूचना दी गई। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

घटना की सूचना पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रामदवन मौर्य और थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह पुलिस व फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button