अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार युवक की मौत

ऊँचाहार, रायबरेली। देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार युवक की दुर्घटना में मौत हो गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के पुरनशाहपुर मजरे किशुनदासपुर गाँव निवासी अंकित यादव 21 वर्ष पुत्र रामजीत मंगलवार की रात बुलेट से ऊँचाहार से घर की ओर जा रहा था, तभी लखनऊ प्रयागराज राजमार्ग पर तिवारीपुर तिराहे के निकट अंकित ढाबा के सामने किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार सड़क पर गिरकर गम्भीर रुप से घायल हो गया, स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है।
सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही युवक की मौत हो गई थी।
वहीं इस बाबत कोतवाल अजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वाहन की तलाश की जा रही है।
संदिग्ध परिस्थितियों में घर में लगी आग, हजारों की गृहस्थी जलकर राख
ऊँचाहार, रायबरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में घर में आग लगने से हजारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई, पीड़ित ने एसडीएम से मुआवजे की गुहार लगाई है।
वंशपुर मजरे इटौरा बुजुर्ग गाँव निवासी सुंदरलाल के घर पर मंगलवार की देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर में भीषण आग लग गई, आग लगने से अफरा तफरी का माहौल हो गया, सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब घर में रखी हजारों रुपये कीमत की गृहस्थी जलकर राख हो चुकी थी, पीड़ित ने बुधवार को एसडीएम को पत्र देकर मुआवजे की गुहार लगाई है।
इस बाबत एसडीएम विवेक राजपूत ने बताया कि क्षेत्रीय लेखपाल को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन कराया जायेगा और पीड़ित को हर सम्भव मदद दिलायी जायेगी।
—————————————-
जंगली जानवर के हमले से राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत
ऊँचाहार, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के होरैसा गाँव में बुधवार की सुबह किसी अज्ञात जंगली जानवर के हमले में राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत हो गई है। इस घटना से लोगों में शोक और चिंता का माहौल है।
बुधवार सुबह जब ग्रामीण अपने खेतों की ओर गए तब उन्होंने देखा कि किसी जंगली जानवर ने मोर पर हमला कर दिया है। इस हमले से मोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों की बढ़ती आवाजाही पक्षियों और पालतू जानवरों के लिए खतरा बनी हुई है। सूचना पर
ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार तुरंत मौके पर पहुँचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से मोर के शव को सुरक्षित स्थान पर पहुँचाया और घटना की सूचना तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को दी।
इस बाबत ग्राम प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह लगभग 10 बजे वन विभाग को सूचित किया गया था, जिस पर विभाग ने त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए अपनी टीम को मौके पर भेजने का आश्वासन दिया है।
विभाग की टीम द्वारा मोर के शव का पंचनामा कर आगे की विधिक कार्यवाही की जाएगी। ग्रामीणों ने वन विभाग से माँग की है कि क्षेत्र में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक को रोकने के लिए उचित कदम उठाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।





