इटावा में नेशनल हाईवे पर वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता व दो मासूम बेटों की मौत

आगरा-कानपुर नेशनल हाईवे पर जमुना बाग के पास रविवार देर शाम वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता सहित उसके दो मासूम बेटों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

फिरोजाबाद के थाना नगला खंगर क्षेत्र के गांव कौरारी खेड़ा निवासी विनीत कुमार पुत्र शैतान सिंह अपने दो बेटों 10 वर्षीय मोहित कुमार और 8 वर्षीय निशांत कुमार को बाइक पर बैठाकर अपनी ससुराल ग्राम भिडरुआ थाना सैफई जा रहा था। ससुराल में एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रविवार देर शाम जैसे ही वह जमुना बाग के पास हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कमल भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को पुलिस वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने विनीत कुमार और उसके दोनों मासूम बेटों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विनीत कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार में अब 7 वर्षीय बेटा आयुष, पत्नी और अन्य परिजन रह गए हैं। पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान की जा रही है।

Related Articles

Back to top button