छात्रा का अपहरण का किया प्रयास

परिजनों ने लगाया आरोप

भरथना,इटावा। भरथना थाना क्षेत्र से स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा का अपहरण कर लिया गया है। घटना 20 सितंबर की है और डेढ़ माह बीत जाने के बाद भी पुलिस छात्रा का पता नहीं लगा पाई है। पीड़ित परिवार ने अब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मदद की गुहार लगाई है। भरथना थाना पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया था, लेकिन छात्रा को बरामद नहीं किया जा सका है।

परिवार लगातार पुलिस से अपनी इकलौती बेटी को ढूंढने की अपील कर रहा है। परिजनों ने अपनी मासूम बेटी के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताई है। छात्रा की मां ने कहा है कि यदि उनकी बेटी जल्द वापस नहीं मिली तो वह आत्महत्या कर लेंगी।

गुरुवार को पीड़ित परिवार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की और अपनी बेटी की जल्द बरामदगी की गुहार लगाई। इस पर पुलिस कप्तान ने मामले को संज्ञान में लेते हुए सीओ भरथना को छात्रा को जल्द बरामद करने के निर्देश दिए हैं। परिवार ने पुलिस से 24 घंटे के भीतर बेटी को ढूंढ निकालने की अपील की है। छात्रा की मां ने बताया कि उनकी 14 वर्षीय बेटी 20 सितंबर की सुबह साइकिल से स्कूल गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

जानकारी करने पर पता चला कि गांव के 35 वर्षीय एक नामजद युवक उसे ले गया है। मां के अनुसार नामजद युवक पहले से दो शादियां कर चुका है और आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है।

उन्होंने आरोप लगाया कि नामजद युवक के साथ जो अन्य लोग बेटी को ले गए हैं,वे भी लड़कियां भगाने के मामलों में जेल जा चुके हैं और लड़कियों की सप्लाई का काम करते हैं। उन्हें डर है कि उनकी बेटी को भी बेचा जा सकता है। छात्रा की मां ने यह भी बताया कि वह दो बार पुलिस अधीक्षक से मिल चुकी हैं और भरथना थाने भी गई हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने अपनी बात दोहराते हुए कहा कि यदि उनकी बेटी 24 घंटे के भीतर बरामद नहीं हुई तो वह आत्महत्या करने पर मजबूर होंगी।

Related Articles

Back to top button