रामपुर सिविल लाइंस में हुआ राम चौक का उद्घाटन, राम मंदिर के स्वरूप में बना आकर्षण का केंद्र

मंडल मुरादाबाद प्रभारी अवनीत कुमार शर्मा

रामपुर। नगर के सिविल लाइंस क्षेत्र में नव-निर्मित राम चौक का भव्य उद्घाटन दशहरे के पावन अवसर पर किया गया। उद्घाटन शहर विधायक आकाश सक्सेना द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान क्षेत्र में उत्सवी माहौल देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, नागरिकों एवं श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।

राम चौक का निर्माण विशेष रूप से भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम की जीवन गाथा को ध्यान में रखकर किया गया है। चौक को आकर्षक स्वरूप देने के लिए इसे राम मंदिर की शैली में सजाया गया है, जिससे यह स्थान न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा बल्कि नगरवासियों के लिए सांस्कृतिक धरोहर के रूप में भी जाना जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ ज्वालानगर और सिविल लाइंस क्षेत्र के गणमान्य लोग भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। पूरे क्षेत्र में जय श्रीराम के जयकारों और दीपों की रोशनी से वातावरण श्रद्धा और उत्साह से भर गया।

विधायक आकाश सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि राम चौक का निर्माण नगर के सांस्कृतिक और धार्मिक गौरव को और ऊँचाई प्रदान करेगा। यह चौक आने वाली पीढ़ियों को श्रीराम के आदर्शों और मर्यादाओं का स्मरण कराएगा। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति की नींव सत्य, धर्म और अहिंसा पर टिकी है और ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं।

राम चौक के लोकार्पण के साथ ही नागरिकों में हर्ष का माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने चौक निर्माण को नगर की धरोहर बताते हुए इसे शहर का नया आकर्षण बताया।

Related Articles

Back to top button