देवी प्रतिमा विसर्जन पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

जसवंतनगर,इटावा। शारदीय नवरात्रि के समापन पर दशहरे के अवसर पर नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं का धूमधाम से विसर्जन किया गया। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ नदियों,नहरों और विसर्जन स्थलों की ओर उमड़ पड़ी। जगह-जगह भक्त ढोल-नगाड़ों और भजन-कीर्तन के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाओं को विदाई देते नजर आए।

विसर्जन जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। लोग “जय माता दी” और “बोलो दुर्गा माई की जय” के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बनाते रहे। नगर के साथ-साथ आसपास के गांवों में भी मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रतिमाओं को पूरे विधि-विधान और पूजा-अर्चना के बाद विसर्जित किया गया।इस दौरान प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए थे।

पुलिस बल की तैनाती के साथ जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई थी। वहीं पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नहरों व नदियों से अलग पानी से भरे विशेष कुंड बनाए गए थे, जिनमें प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगर तक हर ओर भक्तिमय माहौल रहा। महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। विसर्जन के साथ ही दशहरा पर्व का समापन हुआ और लोगों ने एक-दूसरे को बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक इस पर्व की शुभकामनाएं दीं।

Related Articles

Back to top button